रामेश्वर शिवालय में गूंज उठा दुर्गा सप्तशती बीज मंत्र, साधकों ने किया सामूहिक पाठ
बिलासपुर.दुर्गा सप्तशती बीज मंत्र साधना का आयोजन इंदिरा विहार स्थित रामेश्वरम शिवालय में किया गया। जिसमें बीज मंत्रों के माध्यम से आदि शक्ति का स्मरण, ध्यान करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की गई।
मंदिर में प्रति गुरुवार को यह साधना की जाती है। शिव शक्ति सप्तशती साधक समूह के साधक पुनीत ढंढारिया ने बताया कि जो लोग निरंतर पाठ से जुड़े हुए है उन पर मां की कृपा होती है फलस्वरूप मां साधक के जीवन के दुख और दरिद्रता को हर लेती है और उसे सुख समृद्धि और सम्पन्नता से भरपूर करती है।
समस्त शत्रुओं और गृह पीड़ा का शमन होता है उसे सर्वत्र शांति की अनुभूति होती है। साधक धन-धान्य एवं उत्तम संतान प्राप्त करता है। राक्षसों, भूतों और पिशाच का नाश होता है। अभावों से मुक्ति मिलती है और जीवन में प्रचुरता का अनुभव होता है। साधक को मनोवांछित दुर्लभ वस्तु या स्थिति सहज ही प्राप्त हो जाती है।
साधक को कल्याणकारी, धार्मिक बुद्धि प्राप्त होती है और उत्तम गति को प्राप्त करता है। जिस घर में दुर्गा सप्तशती का पाठ नियमित रूप से होता है। उस घर में मां भगवती स्थायी रूप से निवास करती है। दुर्गा सप्तशती में 700 श्लोक है जिसका पाठ करने में तीन घंटे से अधिक का समय लगता है।
इस साधना को सरल व सूक्ष्म रूप प्रदान किया गया है। जिसमें मंत्रों के माध्यम से 1 घंटे 16 मिनट में ही पाठ पूर्ण किया जाता है। इससे सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। इस साधना में आनु चैबे, राजा चैबे, अनु श्यामता, मेघा, दिशा, सौम्या, राकेश ने हिस्सा लिया।